प्यार, धोखा और सोशल मीडिया पर बदनामी… आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सीधे जेल भेजा गया

जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला


चैनपुर थाना क्षेत्र की एक युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी देते हुए मंगलवार शाम पांच बजे पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया।मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता, उम्र लगभग बीस वर्ष, चैनपुर थाना क्षेत्र के महुआटोली जनावल गांव की रहने वाली है। युवती ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सिमडेगा जिला के केरसई थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनगढ़ा ढोढरीटोली निवासी अल बिनुस डुंगडुंग, उम्र लगभग चौबीस वर्ष, पिता लाजरुस डुंगडुंग के साथ वर्ष दो हजार बाइस से उसका प्रेम संबंध था।आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। बाद में एक दिसंबर दो हजार पच्चीस को आरोपी ने ‘Leppa Binu’ नाम की फेसबुक आईडी से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिए।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो वायरल करने के बाद आरोपी लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा और जान से मारने की धमकी भी देने लगा, जिससे वह काफी भयभीत हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना पुलिस ने कांड संख्या अड़तालीस स्लैश पच्चीस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा अठहत्तर उपधारा दो, उन्यासी, तीन सौ इक्यावन उपधारा दो, तीन सौ बावन बीएनएस तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा सड़सठ ए के तहत मामला दर्ज किया।तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करें तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग या ऑनलाइन उत्पीड़न की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें।

Post a Comment

और नया पुराने