जागता झारखंड संवाददाता नेमतुल्ला हजारीबाग़ : जिले में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई गुप्त छापेमारी के बाद कई होटल और रेस्टोरेंट सील कर दिए गए। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में जोड़ों को पकड़ा गया और होटल संचालक एवं मैनेजरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इस पूरे प्रकरण पर सामाजिक संगठन खिदमत-ए-ख़ल्क़ ने जिला प्रशासन की सराहना की है। संगठन का कहना है कि पिछले कई दिनों से इस अवैध गतिविधि की शिकायत लगातार दी जा रही थी, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई कर इस गंदे धंधे पर रोक लगाई। खिदमत-ए-ख़ल्क़ ने कहा कि यह कार्रवाई न सिर्फ हजारीबाग़ की छवि को बचाने वाला कदम है, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों को गलत राह से रोकने का भी प्रयास है। संगठन ने समस्त हजारीबाग़ वासियों की ओर से जिला प्रशासन को धन्यवाद प्रकट किया। आज खिदमत-ए-ख़ल्क़ के सदस्यों ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) से मुलाकात कर पुष्प-गुच्छ भेंट किया और भरोसा दिलाया कि वे सदैव प्रशासन के साथ सहयोग करते रहेंगे। संगठन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि शहर का माहौल स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।


एक टिप्पणी भेजें