जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा: भंडरा-बेड़ो सीमा स्थित पांडेपरा चट्टी के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार अपाची बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल अपनी जगह से उखड़कर जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन पर चिंता जताते हुए सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें